आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में न्यायिक हिरासत में बंद छात्र को मिली परीक्षा में शामिल होने की अनुमति
रायपुर। रायपुर सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद एक आरोपी छात्र ने रविवार को नीट-यूजी री-एग्जाम में हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के निर्देश के बाद विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी छात्र को परीक्षा केंद्र पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार शिवानंद नगर निवासी कुणाल तरुणकर वर्तमान में रायपुर केंद्रीय जेल में निरुद्ध है। उस पर एक युवती को कथित रूप से मानसिक प्रताडऩा देकर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। इसी मामले में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत कार्रवाई की गई थी और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था।
बताया गया कि 20 अप्रैल को एक 20 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच के दौरान मृतका की डायरी में लिखे कथित सुसाइड नोट और मोबाइल फोन से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कुणाल तरुणकर की भूमिका सामने आई थी। आरोप है कि वह युवती पर मिलने का दबाव बनाता था, उसके साथ गाली-गलौज करता था तथा मानसिक रूप से प्रताडि़त करता था, जिससे परेशान होकर युवती ने आत्मघाती कदम उठाया।
इसी बीच नीट-यूजी री-एग्जाम में शामिल होने के लिए कुणाल तरुणकर की ओर से अधिवक्ता अनुकूल विश्वास ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अंतरिम आवेदन प्रस्तुत किया। मामले की त्वरित सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने छात्र को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्रदान की।
हाईकोर्ट ने रायपुर पुलिस अधीक्षक और जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि परीक्षार्थी को निर्धारित समय पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचाया जाए तथा परीक्षा में शामिल होने की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
न्यायालय के आदेश के बाद जेल प्रशासन ने एएसआई, हवलदार और पुलिस जवानों की विशेष टीम गठित की। सुरक्षा घेरे में आरोपी छात्र को डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र लाया गया, जहां उसने नीट-यूजी री-एग्जाम में भाग लिया।
यह मामला शिक्षा के अधिकार और न्यायिक प्रक्रिया के बीच संतुलन का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है, जहां न्यायालय ने आरोपी की कानूनी स्थिति को प्रभावित किए बिना उसे परीक्षा में शामिल होने का अवसर प्रदान किया।
जेल में बंद आरोपी ने दी नीट-यूजी री-एग्जाम, हाईकोर्ट के आदेश पर कड़ी सुरक्षा में पहुंचाया गया परीक्षा केंद्र






