डायल-112, बस और कंटेनर की जोरदार भिड़ंत

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे रायपुर-आरंग नेशनल हाईवे-53 पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। मंदिर हसौद थाना के ठीक सामने पुलिस की डायल-112, एक यात्री बस और कंटेनर के बीच हुई भीषण टक्कर से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीनों वाहन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई और सभी सुरक्षित बच निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु करने की कार्रवाई की। दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे-53 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को कुछ समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि तीनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x