भोपाल।
कोलार रोड पुलिस की कार्रवाई, तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र से आरोपी दबोचा
भोपाल। थाना कोलार रोड पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के आधार पर गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को पीड़िता अपनी मां के साथ थाना कोलार रोड पहुंची और शिकायत दर्ज कराई कि विकास नामक युवक ने उसे बहला-फुसलाकर बासखेड़ी स्थित अपने फ्लैट में बुलाया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर थाना कोलार रोड में अपराध क्रमांक 224/26 के तहत धारा 64(1), 64(2)(m) बीएनएस एवं 5(L)/6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर महिलाओं एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों के निराकरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस उपायुक्त जोन-4 श्री आदर्शकांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मलकीत सिंह तथा सहायक पुलिस आयुक्त आलोक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 23 मई 2026 को आरोपी विकास लवाडे पिता कन्हैयालाल लवाडे उम्र 23 वर्ष निवासी भरत नगर त्रिलंगा भोपाल को ललिता नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सोनी, जोगेंद्र नेगी, प्रधान आरक्षक दौलत सिंह, आरक्षक ऋषिकेश त्यागी, आरक्षक मोहित जाट एवं तकनीकी सेल जोन-4 के प्रधान आरक्षक अभिषेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






