मजदूरी के लिए गया युवक मृत मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

श्रम विभाग पर लापरवाही के आरोप
सरगुजा।
सूरजपुर जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र अंतर्गत केनापारा गांव का एक युवक मजदूरी के लिए ओडिशा गया था, जहां उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना ने न केवल परिजनों को झकझोर दिया है, बल्कि मजदूरों के पलायन और उनकी सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, केनापारा निवासी सनीश कुमार करीब दो महीने पहले काम के सिलसिले में ओडिशा के भुनेश्वरपुर गया था। एक सप्ताह पूर्व उसकी मौत की खबर गांव पहुंची। बताया गया कि युवक की मृत्यु तालाब में नहाने के दौरान डूबने से हुई, लेकिन परिजनों ने इस पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि मृतक के कान से खून निकल रहा था, जिससे हत्या की आशंका बलवती हो रही है।
मृतक के पिता रामबली ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की बात कही है। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। जिला पंचायत सदस्य अखिलेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि विभाग की उदासीनता के कारण ही क्षेत्र के मजदूरों को दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है, जबकि न तो उनकी निगरानी की कोई व्यवस्था है और न ही पंजीकरण का समुचित रिकॉर्ड।
मामले में जब श्रम अधिकारी से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, तो उन्होंने तत्काल कोई जवाब देने से इनकार करते हुए तीन दिन बाद जानकारी देने की बात कही, जिसे लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
वहीं, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैकरा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर मजदूरों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर जिम्मेदार विभाग कितने सजग हैं। फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x