रस्सी से बांधकर युवक की पिटाई का वायरल वीडियो, एक ही परिवार के चार आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक ही परिवार के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया, वीडियो में एक युवक को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटते देखा गया था और अब इस पूरे मामले ने गांव में दहशत और सनसनी फैला दी है। मामला थाना बागबहार क्षेत्र के ग्राम झारपारा का है, जहां पीड़ित जोगेंद्र बढ़ई उम्र 50 वर्ष अपने घर में लकड़ी का काम कर रहा था। तभी उसके पड़ोसी नवीन बंजारा और दिनेश बंजारा, जो आपस में भाई हैं, उसे पागल कहकर गंदी-गंदी गालियां देने लगे। जब जोगेंद्र ने इसका विरोध किया और गाली देने का कारण पूछा तो मामूली विवाद अचानक हिंसक हमले में बदल गया। आरोप है कि नवीन बंजारा, दिनेश बंजारा और उनके परिवार के अन्य सदस्य भगवती बंजारा तथा अंजुलता बंजारा ने मिलकर जोगेंद्र बढ़ाई को रस्सी से बांध दिया और फिर डंडे व अन्य वस्तुओं से उसकी जमकर पिटाई की। इस दौरान गांव के ही एक व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना 29 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है, जबकि पीड़ित ने 11 मई 2026 को थाना बागबहार पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 127(2), 191(2)(3), 190 और 333 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने वायरल वीडियो फुटेज, घटना में प्रयुक्त रस्सी, डंडा और लोहे की सरिया जब्त कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी नवीन बंजारा उम्र 35 वर्ष, भगवती बंजारा उम्र 60 वर्ष, दिनेश बंजारा उम्र 42 वर्ष और अंजुलता बंजारा उम्र 31 वर्ष, सभी निवासी ग्राम झारपारा बागबहार थाना बागबहार जिला जशपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, प्रधान आरक्षक लव कुमार चौहान, आरक्षक अजय खेस, यशवंत सिदार, पवन पैंकरा और महिला आरक्षक शांति लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। बहरहाल, पड़ोसियों के बीच छोटी-छोटी बातों से शुरू हुआ विवाद जिस तरह रस्सी से बांधकर सार्वजनिक पिटाई तक पहुंचा, उसने गांव की शांति ही नहीं बल्कि समाज में बढ़ती हिंसक मानसिकता पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x