लूट की वारदात का चंद घंटों में खुलासा, दो अपचारी बालक अभिरक्षा में
जांजगीर-चांपा। जांजगीर शहर में लिफ्ट मांगने के बहाने एक युवक की चाकू मारकर हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो विधि से संघर्षरत (अपचारी) बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना कचहरी चौक से शुरू हुई। मृतक अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था, तभी दो अपचारी बालकों ने लिफ्ट मांगी। युवक ने उन्हें बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि होंडा शोरूम के पास सुनसान स्थान पर पहुंचते ही दोनों ने लूटपाट की नीयत से युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद उसका पर्स और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। हमले के बाद घायल युवक ने मदद के लिए शोर मचाया। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, नगर पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे, कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्त और साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के चश्मदीदों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच के आधार पर कुछ ही घंटों में दोनों अपचारी बालकों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में दोनों बालकों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।
लिफ्ट मांगकर युवक की चाकू मारकर हत्या






