धमतरी। जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम छीपली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रभावित पक्ष के चम्पा लाल साहू ने कथित रूप से जहर का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन की टीम ग्राम छीपली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान चम्पा लाल साहू ने मौके पर ही जहर खा लिया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
पीडि़त परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव में कई स्थानों पर अतिक्रमण है, लेकिन प्रशासन ने केवल दो परिवारों को निशाना बनाकर कार्रवाई की, जबकि अन्य अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया गया।
अतिक्रमण हटाने पहुंचा प्रशासन, पीडि़त ने खाया जहर, कार्रवाई पर उठे सवाल






