ऑपरेशन ‘बाज’ के तहत लोरमी पुलिस की कार्रवाई, गुड़ फैक्ट्री में चोरी करने वाले दो फरार आरोपी गिरफ्तार

लोरमी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत लोरमी पुलिस ने गुड़ फैक्ट्री में चोरी के मामले में डेढ़ माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।पुलिस के अनुसार, थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम नवलपुर स्थित बंद पड़ी महामाया गुड़ फैक्ट्री में 23-24 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने कमरों का ताला तोड़कर चरखा मोटर, जूस मोटर, चैन कुप्पी ब्लॉक, स्टार्टर, बिजली उपकरण और अन्य लोहे का सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में फैक्ट्री संचालक हेमंत कुमार कश्यप की रिपोर्ट पर थाना लोरमी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही मनीष देवार, कन्हैया उर्फ बोदकू देवार, शंकर देवार और असगर खान को गिरफ्तार कर चोरी का सामान तथा घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किए थे। इसके बाद फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर 3 जुलाई को पुलिस ने दबिश देकर बीनू देवार (24) और करमदाता देवार (30), दोनों निवासी देवारपारा, लोरमी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में अब तक चोरी का सामान, एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक लूना और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन सहित कुल 4.88 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पूरे मामले में थाना लोरमी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन ‘बाज’ के तहत जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव सहित लोरमी पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x