चक्रवाती सिस्टम एक्टिव, छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी और विदर्भ क्षेत्र में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर और बस्तर संभाग समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है।
कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गई। रायपुर में शनिवार को 62.8 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि बस्तर संभाग के कई इलाकों में भी झमाझम बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट देखने को मिली और मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायपुर में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन सिस्टमों का दिख रहा असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके अलावा पश्चिम विदर्भ से मन्नार की खाड़ी तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जिसके कारण लगातार नमी प्रदेश तक पहुंच रही है। यही वजह है कि छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बादल, बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में सोमवार को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान जताया है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x