लू पर फुहारों की मार से राहत की संभावना
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम इन दिनों करवट ले रहा है। वातावरण में सक्रिय विभिन्न सिस्टम के कारण तापमान, हवा और बादलों के स्वरूप में बदलाव देखने को मिल रहा है। फिलहाल गर्मी का असर बरकरार है, लेकिन आने वाले दिनों में आंशिक राहत मिलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में मौसम में बदलाव के आसार है। वहीं कहीं कहीं बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी हुई है।
दिन में तेज धूप और उमस के बीच अधिकतम तापमान मेें वृद्धि दर्ज किया गया। दोपहर तक लू जैसी स्थिति बनी रही, लेकिन शाम होते-होते बादल छा गए, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। न्यूनतम तापमान मेें पिछले दिनों की तुलना में हल्की गिरावट दर्शाता है। मौसम में बदलाव के पीछे तीन अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय चक्रीय परिसंचरण प्रमुख कारण हैं। पहला सिस्टम पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर, दूसरा उत्तर-पूर्व झारखंड क्षेत्र में और तीसरा मध्य प्रदेश के मध्य भाग मे सक्रिय है। तीनों मिलकर छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवा दक्षिणी क्षेत्रों में प्रवेश कर रही हैं, जिससे गरज-चमक आसार हैं।
अगले 48 घंटे ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है और गर्मी का असर बना रहेगा। हालांकि एक मई से अगले कुछ दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आने के संकेत हैं।
हल्की बारिश, अंधड़ और वज्रपात की चेतावनी
आने वाले 24 घंटों में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। साथ ही तेज हवा (अंधड़) और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है। हालांकि तापमान में हल्की कमी के बावजूद फिलहाल तेज गर्मी से पूरी राहत मिलने के आसार नहीं हैं और दिन का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
लू का अलर्ट, एडवाइजरी जारी
जलवायु परिवर्तन और वैश्विक तापमान में वृद्धि के कारण अप्रैल से जून के दौरान भीषण गर्मी व लू चलने की प्रवृत्ति देखी जा रही है। इसी आशंका के चलते जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने लू अलर्ट जारी किया है। इसका उद्देश्य आम जनता को लू के लक्षणों और बचाव के उपायों से अवगत कराना है, क्योंकि इससे सभी वर्ग के लोग प्रभावित होते हैं।
छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा नया सिस्टम, अगले 48 घंटों में बारिश, आंधी का अलर्ट






