छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का कहर: दो जिलों में 9 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

रायपुर – छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को दो अलग-अलग जिलों में हुए दर्दनाक सड़क हादसों ने प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। बलौदाबाजार-भाटापारा और जशपुर जिले में हुए इन भीषण हादसों में अब तक कुल 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दर्जनों यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पहला हादसा बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में रायपुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर दरचुरा के पास हुआ। यहां RBS कंपनी की यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। बस रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रही थी और उसमें 35 से अधिक यात्री सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए रायपुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

वहीं दूसरा बड़ा हादसा जशपुर जिले में हुआ। बताया जा रहा है कि करडेगा से कुनकुरी की ओर जा रही एक यात्री बस दुलदुला थाना क्षेत्र के गोण्डाअम्बा गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 24 से अधिक यात्री सवार थे। तेज रफ्तार के कारण चालक का नियंत्रण बिगड़ने से बस सड़क किनारे पलट गई।

इस हादसे में मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों यात्री घायल हो गए। मृतकों में बस चालक भी शामिल बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

सभी घायलों को इलाज के लिए कुनकुरी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक ही दिन में प्रदेश के दो जिलों में हुए इन भीषण सड़क हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x