जर्जर सड़क के गड्ढे में बैठकर युवक ने किया ‘स्नान, अनोखे विरोध का वीडियो वायरल

मुंगेली। जिले में लंबे समय से जर्जर पड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग की सड़क के विरोध में एक युवक ने अनोखा प्रदर्शन किया। बिलासपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चातरखार के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बारिश के पानी से स्नान करते हुए युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो अब बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर लोगों के आक्रोश का प्रतीक बन गया है।
जानकारी के अनुसार, मुंगेली से पंडरिया मार्ग पर चातरखार और बरेला क्षेत्र तक राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत लंबे समय से खराब है। बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे रोजाना हजारों वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गड्ढों के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं और बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
वायरल वीडियो में युवक सड़क के गड्ढे में भरे कीचडय़ुक्त पानी को तालाब बताते हुए उसमें बैठकर साबुन से स्नान करता दिखाई दे रहा है। युवक का उद्देश्य जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित करना बताया जा रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे व्यवस्था के खिलाफ जनता के बढ़ते असंतोष और विरोध का अनोखा तरीका बता रहे हैं। कई लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग भी उठाई है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति को लेकर हाल ही में मुंगेली कलेक्टर और संभागायुक्त (कमिश्नर) भी नाराजगी जता चुके हैं। दोनों अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को लापरवाही पर फटकार लगाते हुए नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अब तक अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x