झूठे गैंगरेप केस में फंसाकर 3 लाख की उगाही की साजिश नाकाम, 5 आरोपी गिरफ्तार

कसडोल। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की कसडोल पुलिस ने सरपंच और बीडीसी सदस्य को सामूहिक दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाकर तीन लाख रुपये की उगाही करने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक महिंद्रा थार वाहन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 जून को एक युवती ने थाना कसडोल में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम के सरपंच और बीडीसी सदस्य ने नौकरी दिलाने के नाम पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विस्तृत जांच शुरू की।
जांच के दौरान कथित पीडि़ता से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसके साथ कोई दुष्कर्म नहीं हुआ था। उसने बताया कि उसकी सहेली पूनम तथा भागवत थवाईत सहित अन्य लोगों ने सरपंच और बीडीसी को झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देकर तीन लाख रुपये की अवैध वसूली करने की योजना बनाई थी। इसी साजिश के तहत उससे झूठी शिकायत करवाई गई थी।
पुलिस ने जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद अपराध क्रमांक 260/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर भागवत थवाईत, दीपक थवाईत, शिवा चेलक, विजय शंकर और पूनम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त महिंद्रा थार (सीजी 04 पीवी 9211) और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेलिंग और अवैध उगाही करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x