ढाबा संचालक पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश, बिलासपुर पुलिस ने छह आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में एक ढाबा संचालक पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू सहित अन्य सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना सकरी में अपराध क्रमांक 661/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 296, 115(2), 351(3), 109(1) तथा आम्र्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रार्थी इस्माइल खान उर्फ सोनू (31 वर्ष), निवासी भूण्डा, थाना कोटा ने शिकायत में बताया कि 13 जुलाई की रात संकेत कुमार जायसवाल अपने दो साथियों के साथ उसके ढाबे में खाना खाने आया था। अगले दिन देर रात वह अपने साथियों के साथ फिर ढाबे पहुंचा और वहां मोबाइल छूट जाने की बात कहकर सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की। करीब 45 मिनट तक फुटेज देखने के बाद आरोपी आर्यन दुबे ने मोबाइल फुटेज में नहीं दिखने की बात कहते हुए ढाबे के मिस्त्री विनोद कुमार टोंडे से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
शिकायत के अनुसार, 15 जुलाई की सुबह करीब 10:20 बजे संकेत कुमार जायसवाल, आर्यन दुबे और उनके चार अन्य साथी फिर ढाबे पहुंचे। सभी ने मिलकर पुराने विवाद और रंजिश के चलते ढाबा संचालक एवं कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए ढाबे में पेट्रोल छिड़ककर लाइटर से आग लगाने का प्रयास किया तथा बटनदार चाकू और अन्य घातक हथियार दिखाकर सभी को डराया-धमकाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सकरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू, अन्य सामग्री तथा सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में संकेत कुमार जायसवाल उर्फ छोटू (19), राजवीर बाबरा (20), लारेन फ्रांसिस (18), राहुल गहरवरिया (23), आर्यन दुबे उर्फ तुषार (26) और राहुल श्रीवास्तव (24) शामिल हैं।
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की विवेचना जारी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना सकरी पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x