तालाब विवाद बना खूनी बवाल, घर में घुसकर मारपीट करने वाली 5 महिलाएं समेत 6 गिरफ्तार

बलौदाबाजार। तालाब फोडऩे और मछलियां बह जाने के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि गुस्साए लोग सीधे घर में घुस गए, महिलाओं समेत छह आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए जमकर मारपीट की और अब पूरा मामला पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया। बलौदाबाजार जिले के थाना पलारी क्षेत्र के ग्राम गातापार में तालाब विवाद को लेकर हुई हिंसक मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में प्रार्थिया राजकुमारी वर्मा निवासी ग्राम गातापार ने थाना पलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 अप्रैल 2026 को आरोपी सदेशन चंदेल, प्रभा चंदेल और अन्य लोग जबरन उसके घर में घुस आए। आरोप था कि एक दिन पहले 19 अप्रैल को बिना पूछे तालाब फोड़ दिया गया था जिससे तालाब की मछलियां बह गईं। इसी बात को लेकर आरोपी आगबबूला हो गए और प्रार्थिया को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की। हमले में महिला के गाल, चेहरा और कोहनी में चोटें आईं। शिकायत के बाद थाना पलारी में अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 333, 190 और 191(1) BNSके अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना के दौरान मौजूद गवाहों तथा ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच के दौरान पूरे विवाद की परतें खुलती चली गईं और पुलिस ने मामले में संलिप्त छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि तालाब फोडऩे और मछलियों के बह जाने को लेकर वे गुस्से में प्रार्थिया के घर पहुंचे थे और वहीं मारपीट की घटना को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों में 36 वर्षीय सदेशन चंदेल, 33 वर्षीय बबीता चंदेल, 32 वर्षीय अनुसूईया चंदेल, 30 वर्षीय प्रभा चंदेल, 40 वर्षीय सीमा बंजारे और 28 वर्षीय शशि चंदेल सभी निवासी ग्राम गातापार थाना पलारी शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को 16 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर चर्चा तेज है और यह मामला साफ संकेत दे रहा है कि छोटे विवाद जब गुस्से और भीड़ की ताकत में बदल जाते हैं तो कानून सीधे दरवाजे तक पहुंच जाता है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x