तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कार्पियो में हुई आमने-सामने भिड़ंत, चार की मौत

 बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक सीजी 11 बीडी 9044 सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 04 एमक्यू 4220 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर से टकराते हुए पलट गया।

स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष), निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर, विशाल लहरे (25 वर्ष), निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली, अनमोल लहरे (14 वर्ष), निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली व सोनू मिरी (28 वर्ष), निवासी कोटा है। वहीं प्रकाश रात्रे (निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में पांच लोग सवार थे, जो यादव ढाबा में आयोजित पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह के कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर यह दर्दनाक हादसा हो गया। सकरी पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x