बलरामपुर। जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों अन्य घायल हो गईं। हादसा जरगिमा-जुड़वानी गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 20 से 25 महिला मजदूर सवार थीं। सभी मजदूर परेवा गांव में धान रोपाई का काम करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो महिला मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गईं। घायलों में तीन महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही शंकरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह वाहन की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना मानी जा रही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
तेज रफ्तार पिकअप पलटी, 2 महिला की मौत, दर्जनों घायल






