थाने के अंदर शराबखोरी! 2 पर गिरी निलंबन की गाज

राजनांदगांव। रात के अंधेरे में थाना बैरक बना शराबखाना और वर्दी पहनकर जाम छलका रहे दो आरक्षक तब फंस गए जब मामला सीधे एसपी तक पहुंच गया, फिर ऐसा एक्शन हुआ कि पूरे महकमे में हड़कंप मच गया।” राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक हेमंत अनंत और भूपेंद्र कौचे पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि 25 मई की रात करीब 11 बजे दोनों आरक्षक थाना परिसर के बैरक में बैठकर शराब पी रहे थे। ड्यूटी के दौरान वर्दीधारी जवानों की इस हरकत की जानकारी जैसे ही वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची, मामला तुरंत गंभीर हो गया। पुलिस महकमे की छवि पर सवाल खड़े होने लगे और एसपी अंकिता शर्मा ने बिना देरी किए सख्त कदम उठा दिया। जांच के बाद दोनों आरक्षकों को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया गया। आदेश में साफ कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान दोनों पुलिसकर्मी बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है और यह संदेश साफ हो गया है कि अनुशासनहीनता और ड्यूटी के दौरान लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल, वर्दी में शराबखोरी का यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x