धमतरी : अटल वयो अभ्युदय योजना: बेहतर दृष्टि के साथ नई उम्मीद की शुरुआत

 धमतरी : अटल वयो अभ्युदय योजना: बेहतर दृष्टि के साथ नई उम्मीद की शुरुआत

 धमतरी, 25 फरवरी 2026- छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत जिले के 12 वरिष्ठ नागरिकों का मोतियाबिंद (कैटरैक्ट) का सफल ऑपरेशन कराया गया। सभी हितग्राहियों का निःशुल्क शल्यचिकित्सा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आधुनिक तकनीक से संपन्न हुई। ऑपरेशन के पश्चात सभी हितग्राहियों की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य एवं संतोषजनक है तथा उनकी दृष्टि में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।

    समाज कल्याण विभाग द्वारा पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया, परिवहन एवं समन्वय की समुचित व्यवस्था कर चयनित वृद्धजनों को एम्स रायपुर भेजा गया। शल्यक्रिया के बाद चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण एवं नियमित फॉलोअप की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि लाभार्थियों को निरंतर स्वास्थ्य लाभ मिलता रहे।

  कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले के सभी विकासखंडों में विशेष सर्वे अभियान चलाकर जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों की पहचान सुनिश्चित की जाए। पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से योजना का लाभ दिलाने के साथ-साथ ऑपरेशन उपरांत देखभाल की भी सतत निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि अटल वयो अभ्युदय योजना वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण पहल है। प्रशासन का प्रयास है कि जिले का कोई भी जरूरतमंद वृद्धजन उपचार से वंचित न रहे।

   इस पहल से लाभान्वित हितग्राहियों ने शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि अब उन्हें स्पष्ट दृष्टि के साथ दैनिक कार्यों में आत्मनिर्भरता महसूस हो रही है। बेहतर दृष्टि मिलने से उनके जीवन में नई आशा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है।

   ऑपरेशन से लाभान्वित हितग्राहियों में श्री दुजराम साहू (ग्राम बोडरा), श्री केशव यादव (ग्राम डोमा), श्री राम कुमार कुर्रे (ग्राम करेटा), श्री कार्तिक राम देवांगन (ग्राम भटगांव), श्री ईश्वर चंद क्रिस्टी (ग्राम जोधापुर, धमतरी), श्रीमती बिसाखा साहू (ग्राम तरसींवा), श्री नरेश कुमार ध्रुव (ग्राम नगरी, वार्ड 06), श्री नंद कुमार (ग्राम पंडरीपानी, छिपलीपारा नगरी), श्री महेन्द्र कुमार सोनी (ग्राम डीहीपारा, नगरी), श्री पुखराज देवांगन (ग्राम नगरी), श्रीमती दुलारी बाई (ग्राम सांकरा, मगरलोड) एवं श्री झुमुक लाल (ग्राम बकोरी, मगरलोड) शामिल हैं।

    उप संचालक, समाज कल्याण विभाग ने जानकारी दी कि आगामी चरणों में भी पात्र वरिष्ठ नागरिकों को चिन्हित कर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे स्वस्थ, सक्रिय एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x