रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को दबोचा
रायगढ़। रायगढ़ जिले के रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र में 76 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने नजूल जमीन पर कब्जे और हिस्सेदारी के विवाद में टांगी से हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम धरमपुर साजापाली निवासी बंधन राम पण्डो (76 वर्ष) पर 25 जुलाई को उनके घर के बाहर गांव के ही मकरदम उर्फ मुड़ी माझी (40 वर्ष) ने टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के पुत्र नोहर साय पण्डो की शिकायत पर चौकी रैरूमाखुर्द में पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। बुजुर्ग की मृत्यु के बाद प्रकरण में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) जोड़कर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके गांव धरमपुर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि नजूल जमीन पर कब्जे और हिस्सेदारी को लेकर वर्षों से उसका मृतक के साथ विवाद चल रहा था। आरोपी का आरोप था कि मृतक हर वर्ष उसकी खेती वाली जमीन का कुछ हिस्सा अपने कब्जे में ले लेता था। इसी रंजिश में उसने टांगी से हमला कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी, घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर जब्त किए हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नजूल जमीन विवाद में 76 वर्षीय बुजुर्ग की टांगी मारकर हत्या






