बलरामपुर। जिले के विजयनगर गांव में शनिवार को नदी में नहाने के दौरान 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान विनोद यादव उर्फ डिंपल (12) के रूप में हुई है। वह अतिथि शिक्षक शिवलाल यादव का पुत्र था। जानकारी के अनुसार, विनोद शनिवार दोपहर अपने दो दोस्तों के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित बाकी नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद एक साथी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसका हाथ छूट गया और वह पानी में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीण पवन यादव करीब 12 फीट गहरे पानी में उतरकर लगभग आधे घंटे तक तलाश करते रहे, जिसके बाद बालक का शव नदी से बाहर निकाला गया।
सूचना पर विजयनगर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
नदी में नहाने गए बालक की डूबने से मौत






