निर्माणाधीन भारतमाला फोरलेन सड़क में चलती कार पर पथराव कर लूट की कोशिश, राहगीरों में भय का माहौल

कोरबा। जिले में निर्माणाधीन भारतमाला फोरलेन सड़क अब राहगीरों के लिए खतरनाक साबित हो रही है। सोमवार देर रात एक बार फिर असामाजिक तत्वों ने चलती कार पर पथराव कर लूटपाट की कोशिश की। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी घटना सामने आने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मानिकपुर चैकी क्षेत्र के एसईसीएल कर्मी जितेंद्र सोनी अपने एक दोस्त के साथ बिलासपुर से कोरबा लौट रहे थे। इसी दौरान भारतमाला मुख्य मार्ग पर कुछ युवकों ने उनकी कार को निशाना बनाते हुए अचानक पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। हालांकि, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी नहीं रोकी और सीधे सर्वमंगला पहुंचकर सुरक्षित स्थान पर रुके। घटना में कार के दोनों ओर पत्थर लगने के निशान मिले हैं और वाहन को नुकसान पहुंचा है। पीडि़त ने बताया कि हमलावर करीब 3 युवक थे और उनका इरादा लूटपाट का था। उन्होंने आशंका जताई कि यदि गाड़ी रोकी जाती तो कोई बड़ी वारदात हो सकती थी।
गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को उरगा थाना क्षेत्र के बलौदा-तरदा मार्ग पर भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। उस दौरान बदमाशों ने एक कार पर पत्थर फेंके थे, जिसमें एक बड़ा पत्थर कार का शीशा तोड़ते हुए अंदर बैठी युवती की आंख में जा लगा। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उसकी आंख की कॉर्निया क्षतिग्रस्त हो गई है और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
हालांकि, सोमवार रात हुई घटना को लेकर अब तक पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन लगातार हो रही वारदातों ने राहगीरों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x