पति की हत्या का 24 घंटे में खुलासा: पत्नी और चचेरा भाई गिरफ्तार, शराब और घरेलू विवाद बना हत्या की वजह

कवर्धा। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना पुलिस ने हत्या के एक अंधे कत्ल की गुत्थी महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए मृतक की पत्नी और उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद और पति के अत्यधिक शराब सेवन से परेशान होकर दोनों आरोपियों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, स्कूटी और अन्य अहम साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे ग्राम बासिनझोरी निवासी तुलेश साहू ने थाना लोहारा में सूचना दी कि उसके पिता महेश साहू का शव लोहारा के बानो रोड स्थित एक दुकान के पास पड़ा है। घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान और शव को घसीटे जाने के संकेत पाए। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 103/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल तथा एसडीओपी संजय ध्रुव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा ने फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कराया। मौके से रक्तरंजित पत्थर, कपड़े और अन्य साक्ष्य जब्त कर तकनीकी आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच के दौरान मृतक की पत्नी नीता साहू (35 वर्ष) से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने बताया कि 25 जुलाई को वह अपने चचेरे भाई ओदराम साहू के साथ स्कूटी से अपने पति के पास ग्राम बासिनझोरी आई थी। रात में पति के अत्यधिक शराब पीने और लगातार विवाद करने से झगड़ा हुआ। बाद में लोहारा पहुंचने पर भी विवाद जारी रहने पर दोनों ने मिलकर महेश साहू को पकड़ लिया और पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को सड़क किनारे घसीटकर छोड़ दिया और स्कूटी से ग्राम चिमरा लौट गए।
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना के समय पहने गए कपड़े, वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस अंधे कत्ल का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, एफएसएल टीम कवर्धा, उपनिरीक्षक राजेश्वर सिंह ठाकुर, रूपराम पट्टावी, पीएसआई किशन नायक, एएसआई संदीप चौबे, प्रधान आरक्षक गिरीश तिवारी सहित थाना लोहारा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घरेलू विवाद, नशे की समस्या या पारिवारिक तनाव की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय संवाद, परामर्श और कानूनी सहायता का सहारा लें, क्योंकि हिंसा एक गंभीर अपराध है और इसके गंभीर कानूनी परिणाम होते हैं।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x