पत्नी से मारपीट के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में पत्नी से मारपीट को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। लाठी-डंडे और हाथ-मुक्कों से की गई बेरहमी से पिटाई के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 1 जून 2026 की रात करीब 9 बजे ग्राम मोहंदी के खाननाडी क्षेत्र की है। मृतक नीलकंठ साहू द्वारा अपनी पत्नी सावित्री साहू के साथ मारपीट कर सिर पर चोट पहुंचाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी राजेश वर्मा और अमर सिंह यादव ने नीलकंठ साहू के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि राजेश वर्मा ने डंडे से नीलकंठ साहू के सिर, पैर, सीने और हाथों पर कई वार किए, जबकि अमर सिंह यादव ने भी हाथ-मुक्कों से उसकी पिटाई की। गंभीर रूप से घायल नीलकंठ साहू की 2 जून 2026 की सुबह करीब 9 बजे मृत्यु हो गई।
मृतक की पत्नी सावित्री साहू की रिपोर्ट पर थाना पुरानी भिलाई में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 291/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को 3 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
राजेश वर्मा (50 वर्ष), निवासी इंद्रा पारा, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग
अमर सिंह यादव (45 वर्ष), निवासी ग्राम मोहंदी बांधापार, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पत्नी के साथ मारपीट को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने एक राय होकर मृतक पर हमला किया, जिससे उसकी जान चली गई।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x