पश्चिम बंगाल में BJP सरकार ने पूर्ण बजट पेश किया, नौकरियों में महिलाओं को मिलेगा आरक्षण

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनाव जीतने के करीब 2 महीने बाद भाजपा सरकार ने सोमवार को राज्य विधानसभा में अपना पहला पूर्ण बजट पेश किया। इस दौरान वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की, जिसमे एक लाख सरकारी नौकरियां, 33 प्रतिशत महिला आरक्षण, मुफ्त बस यात्रा और सरकारी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में 20 प्रतिशत वृद्धि शामिल है। दासगुप्ता ने बजट को केंद्र सरकार के विकसित भारत के अनुरूप विकसित बांग्ला के लिए रोडमैप बताया।
वित्त मंत्री ने बताया कि राज्य में सरकारी कर्मचारियों के डीए में 20 प्रतिशत की अतिरिक्त वृद्धि होगी। वर्तमान में कर्मचारियों को 18 प्रतिशत डीए मिलता है। सरकार की बढ़ोतरी के बाद डीए की राशि बढ़कर 38 प्रतिशत हो जाएगी। यह बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता एक अक्टूबर से प्रभावी होगी। यह एक तरह से बंगाल के बड़े त्योहार दुर्गा पूजा से पहले सौगात होगी। बता दें कि भाजपा ने चुनाव से पहले डीए बढ़ाने का वादा किया था।
बजट में राज्य में एक लाख नई नियुक्तियों की घोषणा की गई है। नौकरियों में 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। राज्य सरकार ने 50,000 शिक्षकों और 20,000 पुलिस कर्मियों की भर्ती का भी प्रस्ताव रखा है। महिलाओं के लिए राज्य की परिवहन बसों में मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। सेवानिवृत्त पत्रकारों को हर महीने 5,000 रुपये पेंशन और राजनीतिक कारणों से जेल गए लोगों को 10,000 रुपये प्रतिमाह भत्ता दिया जाएगा।
वित्त मंत्री ने कोलकाता के पास एक नया हवाई अड्डा और पूर्वी मेदिनीपुर में एक गहरे समुद्र के बंदरगाह की घोषणा की है। उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में मिनी इंडोर स्टेडियम और उत्तरी बंगाल में एक भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान और एक भारतीय प्रबंधन संस्थान की घोषणा की। अन्नपूर्णा योजना के लिए 36,000 करोड़ रुपये और गिग कर्मचारियों के लिए कल्याण बोर्ड और प्रवासी श्रमिकों के लिए आयुष्मान भारत कार्ड की घोषणा की गई है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x