बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पड़ा भारी, बिना फिटनेस दौड़ रही स्कूल बस जब्त, 10 हजार चालान

गरियाबंद। स्कूल बस में सफर कर रहे बच्चों की जान खतरे में थी। न फिटनेस सर्टिफिकेट, न पीयूसी और न ही आग से बचाव का इंतजाम। गरियाबंद पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त जांच में बड़ी लापरवाही सामने आते ही बस जब्त कर ली गई और मौके पर 10 हजार रुपये का ई-चालान काटा गया।
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 25 जून 2026 को स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग (एआरटीओ) और यातायात पुलिस ने शहर में स्कूल वाहनों का विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने एक स्प्रिंज बोर्ड स्कूल की बस को रोककर उसके दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की।
जांच में सामने आया कि बस बिना वैध फिटनेस सर्टिफिकेट और पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र) के सड़क पर संचालित की जा रही थी। इतना ही नहीं, बच्चों की आपातकालीन सुरक्षा के लिए अनिवार्य फायर एक्स्टिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) भी बस में मौजूद नहीं था। सुरक्षा मानकों की इन गंभीर अनदेखियों को देखते हुए संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर लिया। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत संबंधित वाहन पर 10 हजार रुपये का ऑनलाइन ई-चालान भी जारी किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहनों के फिटनेस, परमिट, पीयूसी और अग्निशामक यंत्र सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में ऐसे विशेष जांच अभियान और अधिक सख्ती के साथ लगातार जारी रहेंगे। बहरहाल, यह कार्रवाई उन सभी स्कूल संचालकों के लिए कड़ी चेतावनी है जो बच्चों की सुरक्षा से समझौता कर नियमों को नजरअंदाज कर रहे हैं।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x