बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका, 4 नाबालिग बंदी फरार

बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में पदस्थ एक सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद 4 नाबालिग बंदियों के फरार होने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीमें जांच में जुटी हैं।
मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार खांडे (42), निवासी तखतपुर, के रूप में हुई है। वे बाल संप्रेक्षण गृह में सहायक सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे। परिजनों का आरोप है कि नरेंद्र के हाथ-पैर बांधकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, गला दबाया गया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में चार नाबालिग बंदियों की संलिप्तता की आशंका है। इनमें तीन रायगढ़ और एक कोरबा जिले का निवासी बताया जा रहा है। वारदात के बाद चारों बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। मृतक के परिजनों ने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नरेंद्र लंबे समय से अपने तबादले की मांग कर रहे थे, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार नाबालिग बंदियों की तलाश लगातार जारी है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x