भोपाल। राजधानी की मध्य विधानसभा सीट को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म होता नजर आ रहा है। नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने शाहपुरा क्षेत्र में विकास कार्यों के भूमिपूजन के दौरान बड़ा बयान देते हुए कहा कि मध्य विधानसभा को अब ऐसा विधायक चाहिए, जिसे राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ गाने में कोई आपत्ति न हो।
शाहपुरा में विकास कार्यों का भूमिपूजन
वार्ड 51 शाहपुरा में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान अत्याधुनिक पार्क और सीमेंट कंक्रीट (CC) सड़क निर्माण की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि किशन सूर्यवंशी के साथ भोपाल संगठन प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा और विकास विरानी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के आयोजन में पार्षद स्नेहलता भगवत रघुवंशी की अहम भूमिका रही, जिनके प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है।
वर्तमान विधायक पर ‘दोहरे चरित्र’ का आरोप
जनसभा को संबोधित करते हुए सूर्यवंशी ने वर्तमान विधायक पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ नेता चुनाव के समय धार्मिक आस्था का प्रदर्शन करते हैं, लेकिन जीतने के बाद उनकी विचारधारा बदल जाती है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे नेता राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ गाने से भी परहेज करते हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
जनता से किया आह्वान
सूर्यवंशी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में ऐसे प्रतिनिधि का चयन करें, जो राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक मूल्यों को प्राथमिकता देता हो और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हो।
संगठन की भूमिका पर जोर
कार्यक्रम में संगठन प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा ने पार्षद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें विकास कार्यों को लेकर उत्साह देखने को मिला।
मध्य विधानसभा में ‘वंदे मातरम’ पर सियासत तेज, किशन सूर्यवंशी का बड़ा बयान






