रायपुर। राजधानी रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मारपीट, वाहन चोरी और मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े मामलों में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए छह अपराध दर्ज किए हैं। इनमें डीडी नगर थाना पुलिस ने 4 किलो 300 ग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि शहर के विभिन्न इलाकों में मारपीट और दोपहिया वाहन चोरी के मामले भी सामने आए हैं।
० खमतराई में पुरानी रंजिश पर मारपीट
खमतराई थाना क्षेत्र के भनपुरी स्थित छरवा तालाब के पास पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि संदीप एवं वीरेंद्र वर्मा ने लक्ष्य माजनकपुरी के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर चोट पहुंचाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
० टिकरापारा में दीवार पर प्लास्टर कराने को लेकर विवाद
टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में दीवार पर प्लास्टर कराने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि निशा यादव एवं अन्य ने आरती यादव के साथ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और मारपीट की। पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
० कबीर नगर में पानी भरने के विवाद में पत्थर मारकर किया घायल
कबीर नगर थाना क्षेत्र के वीर सावरकर नगर में पानी भरने की बात को लेकर हुए विवाद में आरोपी उज्ज्वल सिंह ने धीरज साव के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और पत्थर मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
० कोतवाली और देवेन्द्र नगर से दो मोटरसाइकिल चोरी
कोतवाली थाना क्षेत्र के छोटापारा से अज्ञात चोर ने सोहेब खान की हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (सीजी 04-8521) चोरी कर ली। बाइक की कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में सिटी सेंटर मॉल के बाहर खड़ी विनय कुमार मेहर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (सीजी 04-4466) भी अज्ञात चोर चोरी कर फरार हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने चोरी का अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
० डीडी नगर पुलिस ने 4.3 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा
दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित वाटर पार्क के पास कार्रवाई करते हुए एक्टिवा वाहन से 4 किलो 300 ग्राम गांजा जब्त किया। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने रवि मोदक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ कर गांजा के स्रोत और नेटवर्क की जांच की जा रही है।
मारपीट, वाहन चोरी और गांजा तस्करी के मामलों में 6 अपराध दर्ज, 3 आरोपी गिरफ्तार






