बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में 35 वर्षीय युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का शव उसके घर की छत पर मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
मृतक की पहचान इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से पुलिस ने एक ईंट और धारदार हंसिया बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशे की हालत में गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद के दौरान युवक की हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने अमित सोनवानी और सुधीर सोनवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती पूछताछ में विवाद के बाद हत्या किए जाने की बात सामने आई है। रतनपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना पूरी होने के बाद हत्या के कारणों और घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
रतनपुर में युवक की हत्या से फैली सनसनी, दो आरोपी हिरासत में






