रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ द्वारा 7 मार्च को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे। इस दौरान प्रदेशभर से आई हजारों लखपति दीदियों से मुख्यमंत्री संवाद कर उनकी सफलता की कहानियां सुनेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी लेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय लखपति दीदी पर आधारित कॉफी टेबल बुक और छत्तीसकला ब्रांड बुक का विमोचन करेंगे। साथ ही ‘लखपति दीदी ग्राम पोर्टल’ का शुभारंभ भी किया जाएगा। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं और लखपति दीदियों को सम्मानित भी किया जाएगा।






