कोंडागांव। जिले के उरंदाबेड़ा क्षेत्र स्थित सीएएफ कैंप में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ड्यूटी पर तैनात एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे कैंप में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान जवान जोगेंद्र नेताम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जोगेंद्र नेताम फरसगांव क्षेत्र के उरंदाबेड़ा थाना अंतर्गत स्थित सीएएफ कैंप में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उन्हें गोली लगी। घटना की सूचना मिलते ही उरंदाबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जवान को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोंडागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आत्मघाती कदम उठाने की आशंका नजर आ रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एसपी पंकज चंद्रा ने उरंदाबेड़ा थाना प्रभारी को मामले की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं।
सीएएफ कैंप में जवान ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, मौके पर मौत






