हादसे में घायल युवक के लिए फरिश्ता बनी डायल 112, समय रहते पहुंचाया अस्पताल

बलौदाबाजार भाटापारा। महज कुछ मिनटों की देरी भी भारी पड़ सकती थी, लेकिन गिधौरी डायल 112 की त्वरित कार्रवाई ने सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर मानवीय संवेदनशीलता और पुलिस की तत्परता की मिसाल पेश कर दी।
बलौदाबाजार जिले के थाना गिधौरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरधा राइस मिल के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। 25 जून 2026 को शाम करीब 6:30 बजे डायल 112 को सूचना मिली कि एक बाइक सवार युवक दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना गिधौरी की डायल 112 टीम बिना समय गंवाए घटनास्थल के लिए रवाना हुई और कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई।
घटनास्थल पर मौजूद कॉलर, जो घायल का भाई था, ने पुलिस को बताया कि उसका भाई महेंद्र कुर्रे, निवासी ग्राम नवरंगपुर, बाइक से अनियंत्रित होकर गिर गया है। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं और उसकी हालत चिंताजनक थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। इसी दौरान एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। घायल के भाई की सहमति से महेंद्र कुर्रे को बिना किसी देरी के एम्बुलेंस के माध्यम से बेहतर उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया गया।
गिधौरी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर चिकित्सीय सहायता मिल सकी। इस सराहनीय कार्य में डायल 112 के आरक्षक कमलेश बर्मन और वाहन चालक रूपेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तत्परता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई।
बहरहाल, सड़क हादसों में हर मिनट कीमती होता है और गिधौरी डायल 112 की यह त्वरित कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि समय पर मिली मदद किसी की जिंदगी बचा सकती है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x