10 दिनों में ट्रेन से कटकर 3 युवकों की मौत, 1 की अब तक नहीं हुई पहचान

कोरबा। जिले में पिछले 10 दिनों के भीतर ट्रेन से कटकर आत्महत्या और संदिग्ध मौत के तीन अलग-अलग मामले सामने आने से सनसनी फैल गई है। इन घटनाओं में दो मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि एक अज्ञात युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
पहली घटना उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी के पास की है। यहां रेलवे ट्रैक पर दमखांचा मड़वारानी निवासी 22 वर्षीय राज सिंह गोंड का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला था। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि जांच के दौरान परिजनों ने जानकारी दी कि राज शराब के नशे में घर पहुंचा था और तोडफ़ोड़ कर रहा था। मां द्वारा रोकने पर वह गुस्से में घर से जा रहा हूं कहकर निकल गया। आशंका जताई जा रही है कि उसने आवेश में आकर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र के टीपी नगर फाटक के पास हुई थी, जहां रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिला था। मृतक के पास केवल घर की चाबी बरामद हुई थी। घटना को 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। इसके बाद छत्तीसगढ़ हेल्प वेलफेयर सोसायटी ने सीएसईबी चौकी पुलिस के सहयोग से युवक का अंतिम संस्कार रीति-रिवाजों के साथ कराया। सोसायटी के जिला अध्यक्ष अविनाश कुमार गुप्ता ने बताया कि संस्था वर्ष 2016 से अब तक लगभग 500 से अधिक लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कर चुकी है।
तीसरी घटना बुधवार शाम कोतवाली थाना क्षेत्र में विद्युत संयंत्र जाने वाले रेलवे ट्रैक पर हुई। यहां पानी टंकी कोरबा निवासी 25 वर्षीय अजय निषाद का शव मिला। परिजनों के अनुसार अजय मानसिक रूप से परेशान था और पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x