जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 किलो 800 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 13 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, बरामद किया है। इसके साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार और पायलटिंग कर रही मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में बिर्रा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भटगांव की ओर से महानदी पुल पार कर बसंतपुर की तरफ एक कार में गांजा ले जाया जा रहा है, जिसकी पायलटिंग एक मोटरसाइकिल से की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार और मोटरसाइकिल को पकड़ा। एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार की तलाशी ली गई, जिसमें अलग-अलग पैकेटों में रखा 26.800 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय बघेल (22 वर्ष), उत्तम चन्द्रा (41 वर्ष), भूरीबाई बघेल (55 वर्ष) और सव्या शर्मा (28 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पीएसआई शामेष, एएसआई रामप्रसाद बघेल, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र टंडन सहित पुलिस टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
13 लाख से अधिक के गांजे के साथ 2 महिलाओं समेत 4 तस्कर गिरफ्तार, 26.8 किलो मादक पदार्थ जब्त






