कंपनी के सामान की आड़ में गांजे की तस्करी
महासमुंद। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में एक टाटा माजदा वाहन से करीब 600 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा सीमा से लगे अंतर्राज्यीय चेक पोस्टों के साथ-साथ अंदरूनी मार्गों पर भी एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिंघोड़ा पुलिस और एएनटीएफ टीम को सूचना मिली कि टाटा माजदा वाहन क्रमांक एमएच -46 सीयू 6060 में कंपनी के सामान की आड़ में गांजा ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मुरमुरी चौक में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में रखे कंपनी के मशीनरी सामान के नीचे और पीछे छिपाकर रखी गई 24 प्लास्टिक बोरियों में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने वाहन से कुल 600 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ और जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस कारोबार से जुड़े लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है।
3 करोड़ के गांजे के साथ 1 गिरफ्तार






