शासकीय अस्पताल पंडरिया में हुड़दंग, आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

थाना पंडरिया की टीम की सजगता से अस्पताल परिसर में शांति व्यवस्था भंग करने वाले आरोपीगण को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
कवर्धा।
पंडरिया क्षेत्रांतर्गत शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पंडरिया में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ड्यूटी में तैनात डॉक्टर एवं स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज एवं मारपीट किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह धनेश्री के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना पंडरिया द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करते हुए अस्पताल परिसर में शांति व्यवस्था स्थापित की गई।
जांच के दौरान पाया गया कि आरोपीगण दिनेश जोगी, कमल पाटले, देवकुमार टंडन एवं जितेंद्र बंजारे द्वारा ड्यूटी के दौरान शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए डॉक्टर एवं स्टाफ के साथ अभद्रता, गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी दी गई। थाना पंडरिया द्वारा तत्परता से सभी आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर थाना लाया गया।
आरोपीगण के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अपराध की प्रकृति अजमानतीय होने से आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। उल्लेखनीय है कि आरोपीगण पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। कबीरधाम पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शासकीय सेवाओं में बाधा उत्पन्न करने एवं चिकित्सा कर्मियों के साथ दुव्र्यवहार करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि कानून का पालन करें एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x