डिवाइडर में लगाए पौधों को ही उखाड़ कर ले गए चोर

कोरबा। कोरबा के टीपी नगर क्षेत्र में बीच सड़क से हुई एक चोरी ने निगम के अधिकारियों सहित आसपास के लोगों को चौका कर रख दिया है। भला कोई चोर ऐसा भी करता है। अज्ञात लोगों ने सड़क के बीच डिवाइडर में लगाए गए पौधों को ही उखाड़ कर चोरी कर ले गए।
हम आपको बता दें कि नगर पालिक निगम द्वारा शहर की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के साथ-साथ शहर का सौंदर्यीकरण कर इसे संजाने-संवारने की दिशा में नित नये काम किये जा रहे हैं। दूसरी तरफ चोरों की नजर इसे लगती जा रही है। चोरी की यह वारदात मंगलवार तड़के करीब 4 बजे की बताई जा रही है। आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह हरकत कैद हुई है।
बताया जा रहा है कि तड़के करीब 4 बजे एक इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार होकर चार लोग पहुंचे थे। इन लोगों ने डिवाइडर पर कुछ दिन पहले लगाए गए पाम के पौधों में से करीब तीन से चार पौधों को उखाड़ा और ऑटो में भरकर चलते बने। यह चोरी जितनी हास्यास्पद और रहस्यमय बनी हुई है वहीं आश्चर्य इस बात का है कि चोरों की हरकत इतनी गिर चुकी है कि वह अब सौंदर्यीकरण के पौधों को भी चुराने लगे हैं।
गौरतलब है कि नगर पालिक निगम के द्वारा सौंदर्यकरण के तहत सीएसईबी चौक से लेकर शारदा विहार तिराहा तक सड़क के किनारे बनी क्यारी को सुरक्षित करने के लिए लोहे की रेलिंग लगवाई गई है। रेलिंग के ऊपर लोहे के नुकीले आकार को गोल्डन पेंट कर सुनहरा रंग दिया गया। इसके लगने के कुछ दिन बाद से ऊपरी भारी हिस्सा नशेडिय़ों के द्वारा तोड़-तोड़ कर चोरी किया जाता रहा। इन्हें मुड़ापार और आसपास इलाके में संचालित कबाड़ के दुकानों में बेचकर कुछ रुपए अर्जित कर नशेडिय़ों ने अपने नशे के शौक को पूरा किया। शासन के हजारों-लाखों रुपए जहां शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने में खर्च किए जा रहे हैं तो दूसरी तरफ ऐसे कुंठित मानसिकता वाले चोरों और नशेडिय़ों की नजर इन्हें लगती जा रही है। बहरहाल, लोहा चोरी करने वाले तो आज तक पकड़ में नहीं आए और ना ही सरकारी लोहा खरीदने वाले कबाडिय़ों पर कोई कार्रवाई हुई है। दूसरी तरफ जिन लोगों ने तड़के सरेआम बीच सड़क से पौधों को उखाड़ कर चुराया है, उनकी तलाश में अधिकारी जुटे हुए हैं और पुलिस की मदद ली जा रही है।
नगर पालिक निगम द्वारा शहर में सौदंर्यीकरण को नित नये आयाम दिये जा रहे हैं, सड़कों को नया लुक मिल रहा है एवं डिवाईडर ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित हो रहे हैं। डिवाईडरों में हरीतिमा के साथ रंग बिरंगे फूल मुस्कुरा रहे हैं। 10 अप्रैल को महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में टीपी नगर से पावर हाउस मुख्य मार्ग क्षेत्र में निगम द्वारा किये गये रोड डिवाईडर प्लांटेशन का लोकार्पण किया था। मुख्य मार्ग साईट डिवाईडर पर 160 पाम के पौधें रोपित कर ग्रीन बेल्ट का स्वरूप दिया गया है। उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर ने बताया कि उक्त सम्पूर्ण मार्ग पर निगम द्वारा 600 पाम के पौधे रोपित किये जायेंगे, ताकि इस सम्पूर्ण मुख्य मार्ग को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित व सुसज्जित किया जा सके।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x