हाथियों का आतंक, 15 किसानों की फसल रौंदी, 130 से अधिक हाथियों का मूवमेंट दर्ज

रायगढ़। जिले में जंगली हाथियों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हालात यह हैं कि रात होते ही हाथियों के झुंड खेतों में पहुंचकर किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
रविवार रात धर्मजयगढ़ वन मंडल के विभिन्न रेंजों में हाथियों ने करीब 15 किसानों की धान और मक्का की फसल को खाकर और पैरों से रौंदकर नष्ट कर दिया। वन विभाग के अनुसार जिले में कुल 130 से अधिक हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है, जिसमें रायगढ़ वन मंडल में 38 और धर्मजयगढ़ वन मंडल में 94 हाथी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक धर्मजयगढ़ रेंज के आमगांव में हाथियों का दल खेतों तक पहुंचा और 5 किसानों की धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। वहीं दर्रीडीह और ओंगना में 3 किसानों की फसल, क्रोंधा में 1 किसान की फसल, छाल रेंज के लामीखार में 1 किसान की मक्का फसल, हाटी तेंदुमुडी में 3 किसानों की धान और बोरो रेंज के कुमा में 2 किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा है।
रात में हाथियों के आने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें खेतों से भगाने का प्रयास किया, लेकिन हाथियों का झुंड काफी देर तक खेतों में डटा रहा और सुबह होने से पहले जंगल की ओर लौट गया।
घटना के बाद वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। लगातार बढ़ रहे हाथियों के मूवमेंट से किसानों में चिंता बढ़ती जा रही है और वे फसलों की सुरक्षा को लेकर उपायों की मांग कर रहे हैं।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x