छत्तीसगढ़ के सभी मेडिकल स्टोर्स रहे बंद
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दवा व्यापारियों ने बुधवार को अपने मेडिकल स्टोर बंद रखने का फैसला किया है। यह बंद राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के देशव्यापी आह्वान के तहत किया जा रहा है। प्रदेशभर के दवा व्यापारी इस एक दिवसीय बंद में शामिल हुए। दवा व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री के बढ़ते चलन और नियमों की कमजोर निगरानी से मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है। उनका आरोप है कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना उचित सत्यापन के दवाइयां बेच रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
ऑनलाइन दवा बिक्री का विरोध
प्रदेश की सभी मेडिकल स्टोर्स को बंद करते हुए दवा विक्रेता संगठन च्च्ऑनलाइन दवा बिक्री और भारी छूट के खिलाफ विरोध जता रहे है। उनका कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव से स्थानीय मेडिकल दुकानों का व्यापार प्रभावित डो रहा है और पारंपरिक दवा व्यवसाय को नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स आह्वान पर यह विरोध पूरे देश भर में किया जा रहा है।
वैकल्पिक व्यवस्था का दावा
हालांकि प्रशासन ने दावा किया है कि स्थिति को संभालने के लिए पहले से व्यवस्था की गई है और जीवनरक्षक दवाओं की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। सरकारी अस्पतालों, प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्रों, धन्वंतरि मेडिकल स्टोर्स और अन्य अधिकृत सरकारी केंद्रों पर दवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी जिलों को आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 24 घंटे की देशव्यापी हड़ताल






