ई-रिक्शा और स्कूटी चोरी का खुलासा, दो नाबालिग पकड़े गए, डेढ़ लाख के वाहन बरामद

रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन चोरी की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में विधि के साथ संघर्षरत दो बालकों को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी की गई ई-रिक्शा और टीवीएस स्कूटी, कुल करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के वाहन बरामद किए गए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, रावाभांठा निवासी अजय यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जून की रात घर के सामने खड़ी उनकी ई-रिक्शा (सीजी 04 एनटी 0169) चोरी हो गई। वहीं, बंजारी नगर स्थित पाल ट्रेडर्स के पास खड़ी दिलीप परिहार की टीवीएस स्कूटी (सीजी 04 क्यूए 3039) भी 28 जून को चोरी कर ली गई थी। दोनों मामलों में खमतराई थाने में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए।
वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस ने विधि के साथ संघर्षरत दो बालकों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर ई-रिक्शा और स्कूटी चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई दोनों गाडिय़ां बरामद कर ली गईं।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए दोनों बालकों में से एक के विरुद्ध पहले से थाना उरला में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने बरामद वाहनों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x