रायपुर। डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में महिला से पर्स झपटने की वारदात का पुलिस ने महज 34 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, कबीरधाम जिले की रहने वाली चंद्रिका देवांगन अपनी पुत्री के घर सरोना में आयोजित नाती के जन्मदिन समारोह में शामिल होने आई थीं। 2 जुलाई 2026 की सुबह वह अपने पति के साथ पैदल सरोना चौक जा रही थीं। सुबह करीब 6 बजे राधाकृष्ण मंदिर के पास स्कूटी सवार एक युवक ने उनके कंधे से पर्स झपट लिया और केपीएस स्कूल की ओर फरार हो गया। पर्स में सोने के आभूषण और मोबाइल फोन रखा हुआ था।
पीडि़ता की शिकायत पर डी.डी. नगर थाने में अपराध क्रमांक 411/2026 के तहत धारा 304(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। आरोपी के भागने के संभावित मार्गों का भी बारीकी से विश्लेषण किया गया।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान शेख अख्तर उर्फ कल्लू (31 वर्ष), निवासी बोरिया खुर्द, टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने झपटमारी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने का रानी हार, सोने की चेन, झुमके, ईयरिंग, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी बरामद की। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, शेख अख्तर उर्फ कल्लू आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ रायपुर के टिकरापारा, पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, सरस्वती नगर और कोतवाली सहित विभिन्न थानों में लूट, चोरी, झपटमारी, मारपीट और आम्र्स एक्ट के लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में भी कई बार गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
झपटमारी का खुलासा, 10 लाख के जेवर और मोबाइल समेत शातिर बदमाश गिरफ्तार






