खूंटाघाट बांध के चौकीदार की पीट-पीटकर हत्या

मछली चोरी के विवाद में वारदात; आरोपियों की तलाश तेज
बिलासपुर।
रतनपुर थाना क्षेत्र के खूंटाघाट बांध में चौकीदारी करने वाले एक युवक की कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मेलनाडीह निवासी श्याम सिंह पोर्ते (40) ने 12 जुलाई को थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह और तीरथ राम यादव खूंटाघाट बांध में चौकीदार के रूप में कार्यरत हैं। शिकायत के मुताबिक, गोलू धीवर और अनिश धीवर पूर्व में बांध से लगातार मछली चोरी करते थे। चोरी का विरोध करने और वीडियो बनाने पर उन्होंने तीरथ राम यादव का मोबाइल फोन तोड़ दिया था। इस मामले में दोनों के विरुद्ध पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी थी, जिसके बाद से वे तीरथ राम यादव से रंजिश रखते थे।
रिपोर्ट के अनुसार, 11 जुलाई की रात श्याम सिंह पोर्ते और तीरथ राम यादव मोटरसाइकिल (CG 10 EF 7425) से मेलनाडीह से खूंटाघाट बांध स्थित नवागांव कैंप जा रहे थे। इसी दौरान नवागांव महुआ डबरी तालाब के पास स्कॉर्पियो वाहन में सवार गोलू धीवर, अनिश धीवर और उनके अन्य साथियों ने कथित रूप से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।
आरोप है कि इसके बाद गोलू धीवर और अनिश धीवर वाहन से उतरकर आए। अनिश ने श्याम सिंह पोर्ते को पकड़ लिया, जबकि गोलू धीवर ने डंडे से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में तीरथ राम यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्याम सिंह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 485/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 3 एवं 5 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x