69 पौवा शराब और स्कूटी जब्त
बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पलारी पुलिस ने ‘एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन के जरिए शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पहले स्कूटी से शराब की डिलीवरी कर रहे आरोपी को पकड़ा और उसकी निशानदेही व डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मुख्य सप्लायर एवं कथित मास्टरमाइंड पिंटू कोसले को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 26 जुलाई को थाना पलारी पुलिस को सूचना मिली कि बिना नंबर की सफेद स्कूटी से एक व्यक्ति ग्राम अमेरा से दतान की ओर भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर स्कूटी सवार दसरू राम सायतोड़ा (34) को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की और प्लास्टिक बोरी से 69 पौवा (12.420 बल्क लीटर) देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत ?6,900 बताई गई। पुलिस ने शराब के साथ एक वीवो मोबाइल फोन और परिवहन में प्रयुक्त हीरो डेस्टिनी स्कूटी भी जब्त कर ली।
मोबाइल जांच से सामने आया पूरा नेटवर्क
पूछताछ के दौरान दसरू राम ने खुलासा किया कि वह केवल शराब की डिलीवरी करता था, जबकि अवैध शराब की व्यवस्था करने वाला मुख्य सप्लायर भोग उर्फ भोगप्रसाद उर्फ भोलाराम उर्फ पिंटू कोसले (20) है।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसमें दोनों के बीच लगातार संपर्क और अवैध शराब सप्लाई नेटवर्क के प्रमाण मिले। इसके बाद पुलिस ने 27 जुलाई को दबिश देकर पिंटू कोसले को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
जब्त सामग्री
69 पौवा (12.420 बल्क लीटर) देशी मसाला शराब
बिना नंबर की हीरो डेस्टिनी स्कूटी
2 एंड्रॉइड मोबाइल फोन
कुल जब्त संपत्ति की कीमत:39,900
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध शराब सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। मामले में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस ने अवैध शराब नेटवर्क के मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार






