पत्नी के लापता होने के शक में बुजुर्ग पर टंगिया से जानलेवा हमला

रायगढ़। रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में पत्नी के लापता होने के शक में एक बुजुर्ग पर टंगिया से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का रायपुर में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार से सूचना मिली कि ग्राम महलोई निवासी भागीरथी किशान (60 वर्ष) सिर में गंभीर चोट लगने के कारण भर्ती हैं। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के पुत्र विनोद किशान से पूछताछ की।
जांच में पता चला कि गांव के दूजराम चौहान (64 वर्ष) को संदेह था कि उसकी पत्नी को भागीरथी किशान ने घर से भगाया है। इसी शक को लेकर वह पिछले कुछ दिनों से बुजुर्ग से विवाद कर रहा था।
शिकायत के अनुसार, 31 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे भागीरथी किशान अपने घर के सामने खड़े थे। तभी आरोपी टंगिया लेकर वहां पहुंचा और पत्नी को भगाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए बुजुर्ग के सिर पर लगातार तीन-चार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल भागीरथी किशान जमीन पर गिर पड़े, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर तमनार थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3) और 109(1) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी दूजराम चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी (टंगिया) भी बरामद कर जब्त कर ली गई।
गंभीर रूप से घायल भागीरथी किशान को प्राथमिक उपचार के बाद पहले जिला अस्पताल रायगढ़ और बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x