सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक आशंका है कि युवक की चलती ट्रेन से गिरने के कारण मौत हुई है। घटना बसदेई थाना क्षेत्र के शिवप्रसाद नगर रेलवे ट्रैक की है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर युवक का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बसदेई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक जबलपुर की ओर जाने वाली ट्रेन से गिरा होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं, जिनमें दुर्घटना और आत्महत्या की संभावना भी शामिल है, की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, ट्रेन से गिरने की आशंका; पहचान में जुटी पुलिस






