जीआरपी भोपाल ने 3 लाख का सोने का मंगलसूत्र किया बरामद
भोपाल। जीआरपी भोपाल ने ट्रेनों में झाड़ू लगाने की आड़ में यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत का दो तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। आरोपी यात्रियों की लापरवाही का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
रेल पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती नीतू डावर एवं उप पुलिस अधीक्षक रामस्नेह चौहान के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक जहीर खान के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष (22) निवासी मुस्कान कॉलोनी, अयोध्या बायपास, भोपाल को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2026 को फरियादी चित्ररेखा निवासी रायपुर अपने पति के साथ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18238) के ए-1 कोच में रायपुर से निजामुद्दीन की यात्रा कर रही थीं। भोपाल स्टेशन पहुंचने से पहले उनका लेडीज पर्स चोरी हो गया। बाद में पर्स ट्रेन के बाथरूम में मिल गया, लेकिन उसमें रखा दो तोला सोने का मंगलसूत्र गायब था। इस संबंध में निजामुद्दीन स्टेशन पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
जांच के दौरान जीआरपी भोपाल ने सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया, जिसमें एक संदिग्ध युवक ट्रेन से उतरता दिखाई दिया। उसकी तलाश कर पूछताछ की गई तो उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर करीब तीन लाख रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेनों में झाड़ू लगाकर अपना गुजर-बसर करता है। उसने यात्रियों की असावधानी और लालचवश चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी चोरी के कई मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। जानकारी के मुताबिक वह पहले ट्रेन से गिरने की घटना में एक पैर भी गंवा चुका है।
जीआरपी ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जहीर खान, प्रधान आरक्षक अनिल सिंह, प्रधान आरक्षक राजेश शर्मा, आरक्षक सचिन जाट, ब्रजेश कारपेंटर एवं आकाश परमार की उल्लेखनीय भूमिका रही।






