IPL सट्टे का बड़ा भंडाफोड़, रेड्डीअन्ना नेटवर्क चलाते युवक समेत स्कूटी-मोबाइल जब्त

धमतरी। आईपीएल के रोमांच के बीच धमतरी में ऑनलाइन सट्टे का काला खेल बेखौफ चल रहा था, लेकिन सिटी कोतवाली पुलिस की दबिश ने लाइव मैच पर लग रहे लाखों के दांव का पूरा नेटवर्क उजागर कर दिया। आमातालाब रोड स्थित यादव भवन के पास मोबाइल पर आईपीएल टी-20 मैच में हार-जीत का दांव लगाते एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया। धमतरी पुलिस की लगातार निगरानी और तकनीकी ट्रैकिंग के बीच यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब आरोपी रेड्डीअन्ना वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टा गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली की टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक युवक मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके से पकड़ा गया आरोपी संस्कार ग्वाल पिता रमेश यादव, उम्र 25 वर्ष, निवासी रामसागरपारा धमतरी संदिग्ध हालत में मोबाइल संचालित करता मिला। तलाशी लेने पर उसके पास से Realme C-55 मोबाइल बरामद हुआ, जिसमें Reddyanna.com वेबसाइट पर आईडी बनाकर आईपीएल मैचों में रुपये-पैसे का दांव लगाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने स्टेट बैंक धमतरी खाते के माध्यम से पैसों का लेन-देन कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल, 1 लाख 20 हजार रुपये कीमत की जुपिटर 125 स्कूटी क्रमांक CG-05-AR-7569 और 1600 रुपये नगद जब्त किए। कुल 1 लाख 31 हजार 600 रुपये की संपत्ति पुलिस ने कब्जे में ली। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7(क) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। धमतरी पुलिस ने साफ किया है कि इससे पहले भी ऑनलाइन आईपीएल सट्टे से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में मुख्य आरोपियों सहित कई लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा चुकी है और अब पूरे नेटवर्क पर रणनीतिक निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध जुआ या सट्टा गतिविधि दिखे तो तुरंत सूचना दें, क्योंकि स्क्रीन पर खेला जा रहा यह खेल अब सीधे कानून के शिकंजे में आ चुका है। बहरहाल, आईपीएल के नाम पर चल रहे ऑनलाइन सट्टे के इस धंधे को धमतरी पुलिस लगातार तोड़ रही है और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे होने के संकेत मिल रहे हैं।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x