JP अस्पताल में शुरू हुई वीडियो ब्रोंकोस्कॉपी जांच, प्रदेश का पहला जिला अस्पताल बना मिसाल

टीबी, लंग कैंसर सहित गंभीर फेफड़ों की बीमारियों की अब होगी उन्नत जांच, मरीजों को मिलेगा बड़ा राहत
भोपाल।
राजधानी भोपाल स्थित जयप्रकाश जिला चिकित्सालय (जेपी अस्पताल) ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यहां शनिवार से वीडियो ब्रोंकोस्कॉपी जांच सुविधा शुरू कर दी गई है, जिससे यह प्रदेश का पहला जिला अस्पताल बन गया है जहां यह अत्याधुनिक जांच उपलब्ध है।
इस नई सुविधा के शुरू होने से अब फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियों की जांच उच्च स्तर पर संभव हो सकेगी। अस्पताल में पदस्थ पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. अंकित तोमर द्वारा इस जांच की शुरुआत की गई।
वीडियो ब्रोंकोस्कॉपी एक आधुनिक और प्रभावी प्रक्रिया है, जिसमें एक पतली और लचीली कैमरा युक्त ट्यूब को नाक या मुंह के माध्यम से श्वसन नली में प्रवेश कराकर फेफड़ों की अंदरूनी स्थिति का सीधे अवलोकन किया जाता है। इससे बीमारी की सटीक पहचान संभव हो पाती है।
सिविल सर्जन डॉ. संजय जैन ने बताया कि अब तक यह सुविधा केवल मेडिकल कॉलेजों तक सीमित थी, लेकिन सरकार द्वारा इसे जिला अस्पतालों तक विस्तारित किया जा रहा है। इसी क्रम में भोपाल के जेपी अस्पताल में यह यूनिट स्थापित की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने जानकारी दी कि यह जांच टीबी, लंग कैंसर, बार-बार होने वाले संक्रमण, निमोनिया, लगातार खांसी या खून आने (हेमोप्टाइसिस) जैसी समस्याओं के निदान में बेहद उपयोगी साबित होगी।
इसके साथ ही इस तकनीक के माध्यम से बायोप्सी सैंपल लेना, टिश्यू जांच कर कैंसर या संक्रमण की पुष्टि करना तथा ब्रोंकोएल्वियोलर लैवेज (BAL) के जरिए संक्रमण की पहचान जैसी सुविधाएं भी मरीजों को मिलेंगी।
खास बात यह है कि निजी अस्पतालों में इस जांच के लिए जहां 10 से 15 हजार रुपये तक खर्च करना पड़ता है, वहीं अब यह सुविधा सरकारी अस्पताल में उपलब्ध होने से आम मरीजों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x