रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा के राजीव भवन घेराव के दौरान हुए विवाद को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में गुरुवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता खम्हारडीह थाने पहुंचे और थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
धरने में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज भी शामिल हुए। कांग्रेस ने पुलिस से अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग करते हुए भाजपा नेताओं और मंत्रियों के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेस का आरोप है कि 22 जुलाई को भाजपा और भाजयुमो के कार्यकर्ता राजीव भवन के बाहर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए पहुंचे और पत्थर, पानी की बोतल, पाउच, चप्पल तथा अन्य सामान फेंककर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला किया, जिससे कई लोग घायल हुए।
कांग्रेस द्वारा खम्हारडीह थाना प्रभारी को सौंपे गए ज्ञापन में दावा किया गया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़कर पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हुए। साथ ही कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस से लाठियां छीनकर राजीव भवन की ओर बढऩे का प्रयास किया।
ज्ञापन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री ओपी चौधरी, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, विधायक पुरंदर मिश्रा और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा समेत अन्य नेताओं पर कार्यकर्ताओं को उकसाने का आरोप लगाया गया है। कांग्रेस ने घटना की निष्पक्ष जांच कर संबंधित भाजपा नेताओं के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का खम्हारडीह थाने के बाहर धरना, FIR वापस लेने और BJP नेताओं पर कार्रवाई की मांग






